जोधपुर, 23 मई ।
शहर के झालामंड क्षेत्र में सड़क हादसे में किशोर की मौत के बाद रिंग रोड पर प्रदर्शन और रास्ता जाम करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों और समाज के कुछ लोगों के खिलाफ मार्ग अवरुद्ध करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात झालामंड स्थित मोती मार्केट क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में किशोर दिव्यांशु प्रजापत की मौत हो गई थी। बताया गया कि पत्थरों से भरे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने पर दिव्यांशु की गाड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से नाराज कुम्हार समाज के लोगों और परिजनों ने झालामंड रिंग रोड पर पहुंचकर रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया था। इस दौरान क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद शुक्रवार को स्थिति सामान्य हुई और प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
अब कुड़ी थाना पुलिस की ओर से रिंग रोड पर मार्ग अवरुद्ध किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को नामजद किया गया है। थानाधिकारी तेजकरण की शिकायत पर सुमेर प्रजापत, श्रवण चकेणिया, पुखराज, कुलदीप, बिजेश समेत अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।




.jpg)

.jpg)







