कोलकाता , 20 मई ।
कोलकाता के पांच प्रमुख सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने व्यापक कदम उठाते हुए कड़ी निगरानी और प्रवेश नियंत्रण प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है।
इन अस्पतालों में एसएसकेएम अस्पताल, नील रतन सरकार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नेशनल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शामिल हैं, जहां नए सुरक्षा प्रोटोकॉल तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत अस्पताल परिसरों में पुलिस की सख्त निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की स्थिति में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्पतालों में आपात स्थिति से निपटने के लिए वायरलेस संचार प्रणाली स्थापित की जाएगी, जिससे अस्पताल प्रशासन, स्थानीय थाना, डिविजनल कंट्रोल रूम और पुलिस मुख्यालय के बीच तुरंत समन्वय संभव हो सकेगा।
साथ ही अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है और अग्निशमन उपकरणों को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा अस्पताल परिसरों में पुलिस और निजी सुरक्षा कर्मियों की संयुक्त रात्रि गश्त शुरू करने का निर्णय लिया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
प्रवेश द्वारों पर सख्त जांच व्यवस्था लागू की जाएगी और मरीजों के परिजनों व आगंतुकों को जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाई जाएगी।
अस्पताल परिसरों में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर भी सख्ती बरती जाएगी तथा केवल मरीजों के परिजन, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों के वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी।
इसके अलावा अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा अस्पताल से जुड़े सभी कर्मियों का विस्तृत डाटाबेस तैयार किया जाएगा।
डॉक्टरों, नर्सों और मरीजों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।






.jpg)







