कोलकाता, 19 मई।
फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के दिसंबर 2025 में साल्ट लेक स्टेडियम में प्रस्तावित भारत दौरे के कार्यक्रम को बाधित करने के आरोप सामने आए हैं। कार्यक्रम के आयोजक सतद्रु दत्ता ने इस मामले में पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास, पूर्व पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार, न्यू अलीपुर की पार्षद जुईन विश्वास और आईएएस अधिकारी शांतनु बसु के खिलाफ विधाननगर दक्षिण थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार शिकायत को स्वीकार कर लिया गया है, हालांकि अभी तक मामले में औपचारिक धाराएं तय नहीं की गई हैं।
आयोजक सतद्रु दत्ता ने आरोप लगाया है कि तत्कालीन खेल मंत्री अरूप विश्वास ने अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए बड़ी संख्या में अनधिकृत लोगों को मैदान में प्रवेश दिलाया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। उनका कहना है कि इसी अव्यवस्था और धक्का-मुक्की के कारण मेसी तय समय से पहले ही कार्यक्रम स्थल छोड़कर हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए, जिससे हजारों दर्शक निराश रह गए।
दत्ता के अनुसार अरूप विश्वास ने उन पर बाईस हजार टिकट और मैदान में प्रवेश के लिए एक्सेस कार्ड उपलब्ध कराने का दबाव भी बनाया था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ज़ेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा वाले इस आयोजन में पुलिस व्यवस्था में गंभीर चूक हुई और लगभग दो सौ से तीन सौ लोग मैदान के भीतर पहुंच गए।
आयोजक का यह भी कहना है कि मेसी के कार्यक्रम छोड़ने के बाद कई टिकटधारी दर्शक निराश हो गए और उन्होंने स्टेडियम में तोड़फोड़ भी की।
दत्ता ने आगे आरोप लगाया कि मेसी के हवाई अड्डे पहुंचने के बाद तत्कालीन पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार वहां पहुंचे और उन्हें वापस कार्यक्रम स्थल लाने का प्रयास किया, लेकिन मेसी ने लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद आयोजक को विमान से उतारकर गिरफ्तार कर लिया गया और वे अड़तीस दिनों तक जेल में रहे, फिलहाल वे जमानत पर बाहर हैं।
आयोजक का दावा है कि इसके बाद हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली में उनके द्वारा आयोजित मेसी से जुड़े कार्यक्रम बिना किसी अव्यवस्था के सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
वहीं राज्य में सरकार परिवर्तन के बाद खेल एवं युवा कल्याण मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने मामले की नए सिरे से जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि भ्रष्टाचार या वित्तीय अनियमितता के प्रमाण मिलते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी, साथ ही टिकट एजेंसी की भूमिका की भी जांच की जाएगी।






.jpg)







