भोपाल, 20 मई ।
अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र में मायके जा रही एक महिला के साथ जेवर चोरी की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ऑटो से यात्रा के दौरान पर्स से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब हो गए, जिसका खुलासा रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद हुआ।
जानकारी के अनुसार भीम नगर निवासी 24 वर्षीय आंचल द्विवेदी अपने भाई रीतेश तिवारी के साथ 29 अप्रैल को भोपाल रेलवे स्टेशन के लिए ऑटो से रवाना हुई थीं। इसी दौरान रास्ते में वह घर के पास एक दुकान से सामान लेने के लिए कुछ समय के लिए उतरीं और फिर यात्रा जारी रखी।
रेलवे स्टेशन पहुंचने पर जब महिला ने अपना पर्स खोला तो उसमें रखे जेवर गायब पाए गए। चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 2.77 लाख रुपये बताई गई है, जिनमें सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, दो पेंडल, एक छोटा मंगलसूत्र, मनचली और चांदी की बिछिया शामिल हैं।
पीड़िता के अनुसार यात्रा के दौरान ऑटो में केवल वह और उनका भाई मौजूद थे, जबकि चालक की भूमिका भी संदिग्ध नहीं मानी जा रही है। ऐसे में जेवर किस परिस्थिति में गायब हुए, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी द्वारा जीरो पर मामला दर्ज कर केस अरेरा हिल्स थाना पुलिस को सौंप दिया गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की घटना किस दौरान और कैसे हुई। साथ ही ऑटो यात्रा से जुड़े सभी बिंदुओं को भी खंगाला जा रहा है।





.jpg)







