भोपाल, 21 मई ।
मध्य प्रदेश के उज्जैन पुलिस में पदस्थ आरक्षक सौदान सिंह चौहान ने अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता “वर्ल्ड्स मास्टर्स पावर गेम्स 2026” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल चार स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।
यह प्रतियोगिता मास्टर्स गेम फाउंडेशन द्वारा 13 मई से 16 मई 2026 तक गोवा के मडगांव में आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और आरक्षक चौहान ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने प्रतियोगिता के विभिन्न इवेंट्स में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिचय देते हुए सभी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जिससे उनकी उपलब्धि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आरक्षक को शुभकामनाएं दीं और कहा कि पुलिसकर्मियों की ऐसी उपलब्धियां विभाग का मान बढ़ाने के साथ युवाओं को खेल और फिटनेस के प्रति प्रेरित करती हैं।
इस उपलब्धि के साथ यह भी साबित हुआ है कि मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल जगत में भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा खेल और शारीरिक दक्षता को लगातार प्रोत्साहित किया जाता रहा है, जिसके परिणामस्वरूप पुलिसकर्मी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।






.jpg)







