नई दिल्ली, 20 मई ।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक हालात को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों नेताओं ने दावा किया कि आम जनता बढ़ती कीमतों और आर्थिक दबाव से जूझ रही है, जबकि सरकार इस पर नियंत्रण में विफल रही है।
खरगे ने सोशल मीडिया पर कहा कि पिछले वर्षों में आम जनता पर कर्ज का बोझ कई गुना बढ़ गया है, जबकि महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि रुपये की कीमत ऐतिहासिक स्तर पर कमजोर हुई है और विदेशी निवेश में गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ वर्गों की संपत्ति तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए कहा कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं जैसे दूध, ब्रेड और दवाएं भी महंगी हो गई हैं। उन्होंने बेरोजगारी दर में बढ़ोतरी और परीक्षा पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई।
खरगे ने यह भी दावा किया कि रुपये में गिरावट, विदेशी मुद्रा भंडार में कमी और विदेशी निवेश के बाहर जाने से आर्थिक स्थिति और कमजोर हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग सरकारी राशन सहायता पर निर्भर हो गए हैं।
इसी मुद्दे पर राहुल गांधी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है, किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर हैं और सत्तापक्ष के नेता स्थिति पर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।












