कोलकाता, 18 मई।
नगर निगम भर्ती भ्रष्टाचार मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय ने दक्षिण दमदम नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन पाचू राय को सोमवार को पूछताछ के लिए तलब किया। वह सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय में सुबह ही पहुंच गए, जहां उनसे कथित अवैध नियुक्तियों को लेकर सवाल-जवाब किए गए।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी इस मामले में हाल ही में गिरफ्तार किए गए राज्य के पूर्व मंत्री सुजीत बोस के साथ पाचू राय का आमना-सामना कराकर भी पूछताछ कर सकती है, जो वर्तमान में ईडी की हिरासत में हैं।
जांच के दौरान सामने आया है कि दक्षिण दमदम नगर पालिका में भर्ती प्रक्रिया में करीब 150 अभ्यर्थियों की कथित अवैध नियुक्तियों के लिए सिफारिशें की गई थीं और इसके बदले अनुचित लाभ लेने के आरोप लगाए गए हैं।
पिछले सप्ताह सुजीत बोस को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जिसके बाद लगभग साढ़े दस घंटे की लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था और अदालत ने उन्हें दस दिनों की ईडी हिरासत में भेजने का आदेश दिया था।
इधर, इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो की ओर से दाखिल आरोपपत्र में भी पाचू राय का नाम शामिल है और इससे पहले भी उन्हें कई बार पूछताछ के लिए तलब किया जा चुका है।
हालांकि पाचू राय ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्होंने किसी प्रकार की धनराशि नहीं ली है और उन्हें केवल परेशान करने के उद्देश्य से जांच में बुलाया जा रहा है।






.jpg)







