काठमांडू, 20 मई ।
नेपाल के हिमाली जिले हुम्ला के चंखेली क्षेत्र स्थित नेप्का गांव में आज सुबह अचानक हुई तेज बारिश के बाद बाढ़ और उसके बाद भूस्खलन की घटना से चंखेली डांफे स्थित विद्यालय भवन सहित कई घर क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय निवासी छक्क बहादुर तमांग के अनुसार, तेज पानी के बहाव में विद्यालय भवन के साथ-साथ कृषि भूमि और पशुधन भी बह गया। बाढ़ और भूस्खलन से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है।
भूस्खलन की इस घटना में चंखेली के वडाध्यक्ष हर्कधन तमांग और धनसिंह तामांग के घरों के साथ-साथ उनके मवेशी भी मलबे में दब गए हैं। क्षेत्र में मौजूद भेड़-बकरियों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
जिला प्रहरी कार्यालय के प्रमुख डीएसपी शंकर खड्का ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन से हुई कुल क्षति का विस्तृत आकलन अभी तक प्राप्त नहीं हो सका है। उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस टीम को प्रभावित क्षेत्र में रवाना कर दिया गया है।
हुम्ला सदरमुकाम सिमकोट के उत्तर-पूर्व में स्थित चंखेली गांवपालिका में तल्लो पाली, माथिल्लो पाली, पिप्लाङ और नेप्का सहित चार गांव शामिल हैं। नेप्का गांव, जो पिप्लाङ स्थित गांवपालिका केंद्र से काफी दूर है, वहां पहुंचने के लिए लगभग पांच घंटे की पैदल यात्रा करनी पड़ती है।






.jpg)







