भोपाल, 22 मई ।
नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दल ने शहर के विभिन्न हिस्सों में अभियान चलाकर ठेले, गुमठियां, पान की दुकानें, सब्जी विक्रय केंद्र और अन्य अवैध कब्जों को हटाया। यह कार्रवाई हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ नियमित अभियान के तहत की गई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे बनी अवैध बाउंड्रीवाल, अस्थायी छप्पर, चबूतरे, रखे गए सामान तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे वाहनों को भी मौके से हटाया गया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर विभिन्न टीमों द्वारा की गई।
न्यू मार्केट नो व्हीकल जोन, लिंक रोड क्रमांक एक, दो और तीन, जवाहर चौक, नेहरू नगर, मिसरोद, चेतक ब्रिज, अयोध्या बायपास, अशोका गार्डन, जहांगीराबाद, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक छह, लालघाटी सहित कई क्षेत्रों में यह अभियान प्रभावी रूप से चलाया गया।
लालघाटी क्षेत्र में वीआईपी गेस्ट हाउस के सामने बनी अवैध बाउंड्रीवाल और छप्पर हटाए गए, वहीं बरखेड़ी फाटक पर बनाए गए चबूतरों को भी ध्वस्त किया गया। चेतक ब्रिज सर्विस रोड पर यातायात बाधित करने वाले चार पहिया वाहनों को भी हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान निगम ने दस ठेले, एक काउंटर, ग्यारह स्टूल, चार टेबल, दो बेंच, लोहे की जाली, पल्ले, एंगल सहित अन्य सामान जब्त किया। इसके अलावा सड़क किनारे लगी सब्जी दुकानें, गन्ने की चरखियां और दुकानों के बाहर फैला सामान भी हटाया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।






.jpg)







