बहराइच, 20 मई ।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक नाबालिग लड़की द्वारा शादीशुदा प्रेमी से निकाह की जिद को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ जाने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामला रुपईडीहा थाना क्षेत्र के लहरपुरवा गांव का है, जहां सुबह अचानक लड़की टॉवर पर चढ़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने माइक के जरिए किशोरी को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, वहीं ग्रामीण भी उसे नीचे उतरने की अपील करते रहे।
स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने भी मोर्चा संभाला और समझाइश देते हुए कहा कि जो बात होगी उसे सुना जाएगा और समाधान निकाला जाएगा। इसी दौरान मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा और लोग टॉवर के नीचे जुटे रहे।
करीब चार घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए नाबालिग को सुरक्षित नीचे उतार लिया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
परिजनों के अनुसार किशोरी का एक शादीशुदा युवक से प्रेम संबंध चल रहा है, जिसके साथ वह निकाह की जिद पर अड़ी हुई थी। युवक पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं, जिसके कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग को सुरक्षित बचाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में आगे आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






.jpg)







