टॉप न्यूज़
22 May, 2026

नीट पेपर लीक में बड़ा खुलासा, एनटीए विशेषज्ञ गिरफ्तार, सीबीआई जांच तेज

नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई ने एनटीए विशेषज्ञ को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है।

नई दिल्ली, 22 मई ।

नीट-यूजी 2026 परीक्षा के भौतिक विज्ञान प्रश्नपत्र लीक मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनटीए की ओर से विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसे इस पूरे प्रकरण के प्रमुख स्रोतों में से एक माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपित मनीषा संजय हवलदार महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक विद्यालय में कार्यरत थीं।

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपित ने परीक्षा प्रक्रिया के दौरान भौतिक विज्ञान विषय के प्रश्नों तक अपनी पहुंच का दुरुपयोग किया और अप्रैल 2026 में कुछ प्रश्न सह-आरोपित मनीषा मंधारे के साथ साझा किए थे, जिन्हें पहले ही 16 मई को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई का दावा है कि साझा किए गए प्रश्न बाद में नीट-यूजी 2026 के प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक रिकॉर्ड और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इन सामग्रियों की गहन जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

गौरतलब है कि शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर 12 मई को यह मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद विशेष जांच टीमों का गठन कर विभिन्न शहरों में छापेमारी शुरू की गई थी।

अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिलियानगर से कुल 11 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे रैकेट में बिचौलियों की भूमिका रही है, जिन्होंने छात्रों को परीक्षा प्रश्न उपलब्ध कराने के नाम पर मोटी रकम वसूली।

सीबीआई का कहना है कि जांच अभी जारी है और प्रश्नपत्र लीक के वास्तविक स्रोत, नेटवर्क और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़