रोम, 20 मई ।
गाजा की ओर जा रहे सहायता अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ कथित व्यवहार को लेकर इटली और इजराइल के बीच नया कूटनीतिक विवाद सामने आया है। इस मामले पर इटली सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इजराइल से औपचारिक स्पष्टीकरण की मांग की है।
इटली की प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। साथ ही संकेत दिया गया है कि इस मामले में इजराइल के राजदूत को तलब किया जा सकता है।
मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें हिरासत में लिए गए कुछ कार्यकर्ता घुटनों के बल बैठे दिखाई दिए। वीडियो में उनके हाथ पीछे बंधे होने का भी दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक इजराइली मंत्री द्वारा साझा किया गया था, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रिया तेज हो गई।
इटली सरकार ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों में कई इतालवी नागरिक भी शामिल हैं, जिससे यह मुद्दा और गंभीर हो गया है। सरकार ने इसे मानव गरिमा से जुड़ा मामला बताते हुए अपने नागरिकों की शीघ्र रिहाई के लिए उच्च स्तरीय प्रयास शुरू करने की बात कही है।
रिपोर्टों के अनुसार यह सहायता अभियान गाजा के लिए समुद्री मार्ग से राहत सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। यह अभियान पिछले सप्ताह तुर्किये से रवाना हुआ था।
इजराइली अधिकारियों का कहना है कि जहाजों को भूमध्य सागर में रोका गया और उनमें सवार सैकड़ों लोगों को हिरासत में लेकर इजराइल लाया गया।





.jpg)




