कोलकाता , 20 मई ।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने मंगलवार देर रात देबराज चक्रवर्ती को हिरासत में लिया, जो गायिका एवं पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक अदिति मुंशी के पति हैं तथा वर्तमान में बिधाननगर नगर निगम के पार्षद भी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या केवल पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े एक पुराने मामले में उनसे पूछताछ की जा रही है, जिसमें एक भाजपा कार्यकर्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला भी शामिल बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, चुनाव परिणामों के बाद हुई इस घटना को लेकर उस समय राजनीतिक तनाव की स्थिति बन गई थी और इसे चुनाव बाद हिंसा से जोड़कर शिकायत दर्ज कराई गई थी।
सूत्रों का यह भी कहना है कि इसी पुराने मामले के आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, हालांकि पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
देबराज चक्रवर्ती को तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के करीबी के रूप में भी देखा जाता है, जिसके चलते यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है।
विधानसभा चुनाव में अदिति मुंशी की हार के बाद से यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है, जबकि अब पुलिस की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होने की संभावना है।






.jpg)







