नई दिल्ली, 20 मई ।
पुर्तगाल ने मंगलवार को आगामी फीफा विश्व कप 2026 के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी, जिसमें अनुभवी स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक बार फिर टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। उनके साथ ब्रूनो फर्नांडिस, बर्नार्डो सिल्वा और वितिन्हा जैसे प्रमुख खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा बनाए गए हैं।
41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने करियर में रिकॉर्ड छठी बार फीफा विश्व कप में उतरने जा रहे हैं। इस उपलब्धि के साथ वह अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और मेक्सिको के गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ की विशिष्ट सूची में शामिल हो जाएंगे।
यूरो 2016 की चैंपियन पुर्तगाल को विश्व कप में ग्रुप-के में स्थान मिला है, जहां उसका मुकाबला डीआर कांगो, कोलंबिया और उज्बेकिस्तान जैसी टीमों से होगा। टीम अपने अभियान से पहले चिली और नाइजीरिया के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेलेगी।
पुर्तगाल का विश्व कप अभियान 17 जून से डीआर कांगो के खिलाफ शुरू होगा। इसके बाद 23 जून को उज्बेकिस्तान और 27 जून को कोलंबिया के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे।
टीम में गोलकीपर के रूप में डियोगो कोस्टा, जोसे सा, रुई सिल्वा और रिकार्डो वेल्हो को शामिल किया गया है। डिफेंडर के तौर पर डियोगो डालोट, मैथियस नून्स, नेल्सन सेमेडो, जोआओ कैंसिलो, नूनो मेंडेस, गोंकालो इनासियो, रेनाटो वेइगा, रुबेन डायस और टोमस अराउजो को जगह मिली है।
मिडफील्ड में रुबेन नेवेस, जोआओ नेवेस, वितिन्हा, ब्रूनो फर्नांडिस, बर्नार्डो सिल्वा, जोआओ फेलिक्स, फ्रांसिस्को ट्रिंकाओ, फ्रांसिस्को कॉन्सेइसाओ और सामू कोस्टा शामिल हैं। वहीं फॉरवर्ड लाइन में पेड्रो नेटो, राफेल लियाओ, गोंकालो गुएडेस, गोंकालो रामोस और क्रिस्टियानो रोनाल्डो को चुना गया है।




.jpg)








