नई दिल्ली, 20 मई ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने छह दिवसीय पांच देशों के विदेश दौरे के अंतिम चरण में बीती रात इटली की राजधानी रोम पहुंचे। यहां इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया, जिसमें दोनों नेताओं ने भारत और इटली के द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने को लेकर अनौपचारिक रूप से विस्तृत बातचीत की।
इटली पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का जॉर्जिया मेलोनी ने विशेष शैली में स्वागत किया और उनके साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “मेरे मित्र, रोम में आपका स्वागत है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए बताया कि रोम पहुंचने पर उन्हें प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ डिनर करने और कोलोसियम के भ्रमण का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ और आज होने वाली बैठक में भारत-इटली मित्रता को और मजबूत करने पर चर्चा जारी रहेगी।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इटली में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने एक पोस्ट में कहा कि रोम में भारतीय प्रवासियों द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए वे आभारी हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय की भारत के प्रति गहरी भावनात्मक जुड़ाव और भारत-इटली संबंधों को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि प्रवासी भारतीय दुनिया भर में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मोदी ने प्रसिद्ध इतालवी चित्रकार जियाम्पाओलो टोमासेट्टी से भी भेंट की और काशी पर आधारित उनकी कलाकृति का अवलोकन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि रोम में काशी की झलक देखने को मिली। उन्होंने बताया कि टोमासेट्टी का भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव लगभग चार दशकों पुराना है। कलाकार ने 1980 के दशक में वैदिक संस्कृति पर आधारित पुस्तकों के लिए चित्र बनाए और 2008 से 2013 के बीच महाभारत पर आधारित 23 बड़ी पेंटिंग्स तैयार कीं।
प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि रोम में पांच इतालवी कलाकारों स्वामिनी आत्मानंद गिरी, मार्टिना मीनाक्षी आर्गादा, लुक्रेज़िया मैनिस्कोटी, वलेरिया वेस्पाजियानी और रोसेला फनेली ने ‘त्रिगलबंदी’ प्रस्तुत की, जिसमें कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम और कथक नृत्य शैलियां शामिल थीं। उन्होंने कहा कि यह देखना उल्लेखनीय है कि भारतीय नृत्य शैलियां वैश्विक स्तर पर लगातार लोकप्रियता और आकर्षण प्राप्त कर रही हैं।













