नई दिल्ली, 21 मई ।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन के प्रतिष्ठित एग्रीकोला पदक से सम्मानित किए जाने को हर भारतीय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने, गरीबी कम करने, कृषि उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने तथा वैश्विक स्तर पर भुखमरी समाप्त करने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है, जिससे आज पूरी दुनिया भारत की नीतियों और उपलब्धियों की सराहना कर रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह सम्मान देश के मेहनती किसानों के परिश्रम, भारत की मिट्टी की शक्ति और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जहां प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि भारत ने कृषि उत्पादन बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा मजबूत करने, किसानों के जीवन में सुधार लाने और प्राकृतिक खेती जैसे प्रयासों के जरिए दुनिया के सामने एक नई विकास मॉडल प्रस्तुत किया है, जिससे सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि महामारी के बाद लगभग 80 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा कवच प्रदान करना, किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सहायता देना और जी20 अध्यक्षता के दौरान कृषि-खाद्य प्रणाली को वैश्विक एजेंडे में प्रमुखता दिलाना प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा, सतत कृषि और ग्रामीण विकास में योगदान के लिए प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान एफएओ द्वारा प्रदान किया गया है, जिसे उन्होंने रोम स्थित एफएओ मुख्यालय में ग्रहण किया।




.jpg)







