लखीमपुर, 23 मई ।
मितौली थाना पुलिस ने शनिवार सुबह लूट और चोरी की कई घटनाओं में शामिल अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान जवाबी फायरिंग में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि सूचना मिलने पर मितौली पुलिस की टीम दतेली-अबगांवा मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार कार में सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान सीतापुर निवासी सूरज के रूप में हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल सूरज के साथ शाहजहांपुर निवासी अबरार और सीतापुर निवासी अशोक कुमार उर्फ अशोक यादव को भी मौके से पकड़ लिया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने अवैध 12 बोर बंदूक, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। इसके अलावा मितौली थाने में दर्ज पूर्व के मामलों से जुड़े 18 हजार रुपये नकद, पीली धातु के दो बटुए, एक कटोरा और कपड़ों का बड़ा गट्ठर भी जब्त किया गया है। बरामद सामान में 24 साड़ियां, दो ब्लाउज, दो शर्ट, एक दुपट्टा और नायलॉन की रस्सी शामिल है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने खीरी, सीतापुर और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में चोरी, नकबजनी और भैंस चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अशोक यादव के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित करीब 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अबरार पर पांच और सूरज पर चार आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।






.jpg)







