उत्तर प्रदेश
20 May, 2026

राहुल गांधी दौरे से पहले अमेठी में पोस्टर वार, भाजपा ने लगाए गंभीर आरोप

अमेठी में राहुल गांधी के दौरे से पहले लगे विवादित पोस्टरों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है, जिसमें भाजपा नेता ने सांसद निधि के दुरुपयोग और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

अमेठी, 20 मई ।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक दिवसीय अमेठी दौरे से पहले जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। उनके आगमन से पूर्व जगह-जगह लगाए गए पोस्टरों के जरिए कांग्रेस और सांसद किशोरी लाल शर्मा को निशाने पर लिया गया है, जिससे क्षेत्र में पोस्टर वार शुरू हो गया है।

इन पोस्टरों में सवाल उठाते हुए लिखा गया है कि “दो साल में किशोरी लाल शर्मा ने क्या किया?” साथ ही आरोप लगाया गया है कि सांसद बनने के बाद सीमित विकास कार्य ही हुए, जिनमें एक स्कूल बस और एक एम्बुलेंस का उल्लेख किया गया है, जिसे लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है।

कुछ अन्य पोस्टरों में वर्तमान सांसद के कार्यकाल की तुलना पूर्व सांसद के कार्यकाल से की गई है और पूर्व सांसद द्वारा कराए गए विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख करते हुए दोनों कार्यकालों के बीच अंतर दिखाया गया है। ये पोस्टर कांग्रेस कार्यालय, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, अस्पताल और कलेक्ट्रेट परिसर सहित कई प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं।

इस पूरे मामले पर भाजपा के स्थानीय नेता ने प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि सांसद निधि का उपयोग पार्टी विशेष के कार्यकर्ताओं के हित में किया जा रहा है और विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी है।

भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस नेताओं के प्रभाव में कुछ योजनाओं के तहत संसाधनों का वितरण किया गया है और अमेठी में विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच असंतोष है। उन्होंने पोस्टर लगाने वालों के कदम की सराहना करते हुए इसे जनता की प्रतिक्रिया बताया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़