लखनऊ, 20 मई ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और इसी कारण लगातार आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं।
लखनऊ में दिए गए बयान में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भाषा, उनका व्यवहार और उनके विचार यह दर्शाते हैं कि कांग्रेस पार्टी गंभीर राजनीतिक संकट से गुजर रही है। उनके अनुसार राहुल गांधी लगातार ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं जो सार्वजनिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी आदतन ऐसे बयानों के लिए चर्चित रहे हैं और पहले भी उन्हें अदालतों से फटकार मिल चुकी है तथा उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में इस तरह की भाषा देश की जनता स्वीकार नहीं कर सकती।
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी को उनके बयानों के राजनीतिक परिणाम भुगतने होंगे और जनता इसका जवाब देगी।
उल्लेखनीय है कि रायबरेली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति और शासन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए थे।












