बलिया, 19 मई।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बलिया जिले के रतोपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसके गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। उसके पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की, लेकिन राजकुमार की गतिविधियों के बारे में अधिक कुछ नहीं बताया।
इससे पहले सीबीआई ने इसी मामले में बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया था। राज सिंह के परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज दिखाकर उसे बेकसूर बताया था। जांच आगे बढ़ी तो राजकुमार सिंह का नाम सामने आया। सूत्रों के अनुसार आरोपी हरिद्वार से लौट रहा था और मुजफ्फरनगर टोल प्लाजा पर सीबीआई ने पहले से ही जाल बिछा रखा था। स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे दबोच लिया गया।

राजकुमार सिंह के खिलाफ पहले से रसड़ा कोतवाली में दो मुकदमे दर्ज हैं। पहला मुकदमा मारपीट के आरोप में वर्ष 2020 में पंजीकृत हुआ था। इसके बाद 15 अप्रैल 2024 को रतोपुर गांव के जितेंद्र कुमार भारती की तहरीर पर राजकुमार सिंह और उसके पिता सहित ग्यारह लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
सीबीआई की ताजा कार्रवाई के बाद बलिया में एक और युवक के गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार बांसडीह इलाके के एक गांव में सीबीआई की चहलकदमी की चर्चाएं सुनी जा रही हैं।






.jpg)







