मुंबई, 18 मई।
अभिनेत्री उल्का गुप्ता की आगामी फिल्म ‘रजनी की बारात’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। देसी रंग, पारिवारिक ड्रामा, कॉमेडी और रहस्य से भरपूर ट्रेलर ने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान खींचना शुरू कर दिया है। ट्रेलर की शुरुआत एक पंडित के संवाद से होती है, जिसमें बारात घर तक नहीं पहुंचने की बात कही जाती है, इसके बाद कहानी कई दिलचस्प मोड़ों की ओर बढ़ती नजर आती है।
ट्रेलर में रजनी और रज्जन की प्रेम कहानी को अलग अंदाज में दिखाया गया है। अपने प्यार को पाने के लिए रजनी खुद बारात लेकर निकलने का फैसला करती है, लेकिन सफर के दौरान कई अड़चनें सामने आती हैं। कहानी में हास्य और भावनात्मक पहलुओं के साथ तनाव और रहस्य का तड़का भी देखने को मिलता है।
करीब 2 मिनट 27 सेकंड के ट्रेलर में बिहार की मिट्टी से जुड़ा देसी माहौल दिखाई देता है। सुनीता राजवार, जरीना वहाब और अश्वथ भट्ट अपने प्रभावशाली अभिनय से ट्रेलर को और रोचक बनाते नजर आते हैं। अंतिम हिस्से में अचानक फायरिंग और तनावपूर्ण घटनाओं के साथ कहानी को सस्पेंस भरे मोड़ पर छोड़ा गया है।
एपिफेनी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन आदित्य अमन ने किया है। तनाया आडारकर और तेज एच आडारकर फिल्म के निर्माता हैं। फिल्म में उल्का गुप्ता, कनिष्क, इशिता सिंह, सुनीता राजवार, जरीना वहाब और अश्वथ भट्ट अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान उल्का गुप्ता ने कहा कि रजनी का किरदार ऐसी लड़की की कहानी है, जो अपने दिल की सुनती है और अपने प्यार के लिए किसी भी हद तक जाने का साहस रखती है। फिल्म 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




.jpg)

.jpg)






