सरकार व नीतियाँ
23 May, 2026

रोजगार मेले में 201 युवाओं को नियुक्ति पत्र, डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने गिनाईं उपलब्धियां

जबलपुर में आयोजित रोजगार मेले में 201 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने विकसित भारत और रोजगार सृजन को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

जबलपुर, 23 मई ।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार रोजगार सृजन पर काम कर रही है।

शनिवार को जबलपुर के मदन महल स्थित कमेटी हॉल में आयोजित 19वें रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशभर में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक 11.39 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि देश के 47 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले के दौरान रेलवे, बैंकिंग, डाक विभाग समेत विभिन्न विभागों में 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जबलपुर में 201 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

डॉ. कुमार ने युवाओं से केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, कौशल विकास और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुद्रा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने युवाओं से रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाले बनने का संकल्प लेने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री ने वर्ष 2014 से 2026 के बीच देश में आधारभूत ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और तकनीक के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में 74 हवाई अड्डे संचालित थे, जिनकी संख्या मार्च 2025 तक बढ़कर 160 हो गई है। उड़ान योजना के अंतर्गत 625 नए हवाई मार्ग शुरू किए गए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर संपर्क मिला।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 के बाद देश में 7 नए आईआईटी, 16 ट्रिपल आईटी, 7 आईआईएम, 15 एम्स और 390 नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। मेडिकल सीटों की संख्या भी 80 हजार से बढ़कर 1.70 लाख से अधिक हो गई है। इसके साथ रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण और स्टार्टअप इंडिया अभियान की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में 500 से कम स्टार्टअप थे, जो अब बढ़कर 2 लाख से अधिक हो चुके हैं।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री के ईंधन बचत के संदेश को अपनाते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार सर्किट हाउस से मदन महल उत्सव कम्युनिटी हॉल तक ई-रिक्शा से पहुंचे।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मिक, सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, विधायक अशोक रोहाणी और विधायक डॉ. अभिलाष पांडे सहित रेलवे, बैंकिंग और डाक विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़