नई दिल्ली, 22 मई ।
उत्तर-पश्चिमी जिले के शालीमार बाग इलाके में एक युवती की मौत का मामला सामने आया है। युवती स्थानीय क्षेत्र में केयरटेकर के रूप में कार्यरत थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह शालीमार बाग थाना क्षेत्र से एक युवती द्वारा फंदा लगाकर जान देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस कमरे में युवती मौजूद थी, वह भीतर से बंद था। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर मकान मालिक को संदेह हुआ, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के भीतर युवती अचेत अवस्था में मिली, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतका इलाके में केयरटेकर के रूप में काम करती थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि युवती की पहचान आजादपुर निवासी अमित नामक युवक से जान-पहचान के रूप में हुई थी। पुलिस जांच में पता चला है कि युवती उससे विवाह करना चाहती थी, लेकिन स्वजन इस रिश्ते के समर्थन में नहीं थे। प्रारंभिक जांच में विवाह को लेकर पारिवारिक असहमति की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मृतका के मोबाइल फोन और अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल शालीमार बाग थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





.jpg)







