सागर जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ारी में मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के दौरान की जा रही खुदाई में ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। जैसे ही यह जानकारी फैली, मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कुल 13 चांदी के सिक्कों को अपने कब्जे में ले लिया। इन सिक्कों पर विशेष प्रकार के चिन्ह अंकित पाए गए हैं, जिनमें रानी विक्टोरिया का चित्र भी शामिल है।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इन सिक्कों को वर्ष 1837 से 1901 के बीच के ब्रिटिश शासनकाल का बताया जा रहा है, जिससे इनके ऐतिहासिक महत्व की संभावना जताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने सिक्कों के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार खुदाई में मिले सभी 13 सिक्कों को जब्त कर सुरक्षित रख लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच के लिए एसआईटी स्तर पर पड़ताल की जाएगी।






.jpg)







