सरकार व नीतियाँ
20 May, 2026

संदेशखाली ईडी हमला मामला, टीएमसी की दो महिला नेता गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में ईडी और केंद्रीय बलों पर 2024 में हुए हमले के मामले में तृणमूल कांग्रेस की दो महिला नेताओं की गिरफ्तारी हुई है, जिन्हें मुख्य आरोपी शेख शाहजहां का करीबी बताया जा रहा है।

24 परगना, 20 मई ।

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली क्षेत्र में प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर वर्ष 2024 में हुए हमले के मामले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी दो महिला नेताओं को गिरफ्तार किया है। दोनों को मुख्य आरोपी शेख शाहजहां का करीबी माना जाता है।

गिरफ्तार नेताओं में संदेशखाली-1 पंचायत समिति की अध्यक्ष और बसिरहाट संगठनात्मक जिला तृणमूल अध्यक्ष सबिता राय तथा तृणमूल की प्रभावशाली नेता मिथु सरदार शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि 5 जनवरी 2024 को सरबेरिया इलाके में ईडी और केंद्रीय सुरक्षा बलों पर हुए हमले की साजिश में इन दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांच अधिकारियों के अनुसार यह हमला एक पूर्व नियोजित योजना का हिस्सा था, जिसमें लाठी और धारदार हथियारों से ईडी टीम और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया था। पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि दोनों आरोपितों के खिलाफ केवल इस घटना तक ही मामला सीमित नहीं है।

मिथु सरदार पर वर्ष 2021 के चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े गंभीर आरोप भी दर्ज हैं, जिनमें विपक्षी कार्यकर्ताओं पर हमले, घरों में तोड़फोड़ और इलाके में भय का माहौल बनाने जैसी घटनाएं शामिल हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों नेता लंबे समय से शेख शाहजहां के प्रभाव में क्षेत्र में समानांतर प्रशासनिक नियंत्रण जैसी स्थिति बनाए हुए थीं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश करने की तैयारी की है और रिमांड की मांग भी की जाएगी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 2021 की चुनाव बाद हिंसा से लेकर 2024 में ईडी टीम पर हमले तक इनकी सक्रिय भूमिका रही है। उल्लेखनीय है कि 5 जनवरी 2024 को राशन घोटाले की जांच के दौरान ईडी की टीम संदेशखाली पहुंची थी, जहां शेख शाहजहां के घर के पास हमला हुआ था।

इस घटना के बाद फरवरी 2024 में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे, जिनमें ग्रामीणों ने जमीन कब्जाने और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। बाद में फरार रहने के बाद शेख शाहजहां को 29 फरवरी 2024 को गिरफ्तार किया गया था।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़