राजनीति
22 May, 2026

संघ के समापन समारोह में शामिल होंगे कुमार मंगलम बिरला

नागपुर में चार जून को आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग के समापन समारोह में उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

नागपुर, 22 मई ।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग (द्वितीय वर्ष) का समापन समारोह चार जून को नागपुर के रेशीमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के प्रमुख उद्योगपति और पद्मभूषण से सम्मानित कुमार मंगलम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह को संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे। इस संबंध में जानकारी शुक्रवार को संघ के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच एक्स के माध्यम से साझा की गई।

संघ का यह विशेष प्रशिक्षण वर्ग 11 मई से नागपुर में संचालित हो रहा है, जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों से चयनित स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। करीब 25 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को वैचारिक, शारीरिक और सांगठनिक दक्षता से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संघ के अनुसार वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और संगठनात्मक कौशल को मजबूत करना है।

समापन समारोह के दौरान स्वयंसेवकों की ओर से शारीरिक विन्यास, समता और घोष प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और शहर के कई गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रहने की संभावना है।

कुमार मंगलम बिरला देश के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल हैं और वर्तमान में आदित्य बिरला समूह के अध्यक्ष हैं। 14 जून 1967 को जन्मे कुमार मंगलम बिरला ने मुंबई विश्वविद्यालय से बीकॉम और लंदन बिजनेस स्कूल से एमबीए की पढ़ाई की है। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट बिरला ने 28 वर्ष की आयु में पिता आदित्य विक्रम बिरला के निधन के बाद समूह की जिम्मेदारी संभाली थी।

उनके नेतृत्व में आदित्य बिरला समूह का कारोबार दो बिलियन डॉलर से बढ़कर 65 बिलियन डॉलर से अधिक तक पहुंचा। हिंडाल्को, ग्रासिम, अल्ट्राटेक सीमेंट और वोडाफोन-आइडिया जैसी कंपनियों ने भी उनके नेतृत्व में वैश्विक पहचान बनाई। वर्ष 2023 में भारत सरकार ने उन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया था। इसके अलावा वह बिट्स पिलानी के चांसलर और आईआईएम अहमदाबाद के पूर्व चेयरमैन भी रह चुके हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़