भोपाल, 19 मई।
मध्य प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और तपती धूप की चपेट में है। प्रदेश के कई जिलों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है और मौसम विभाग ने ‘तीव्र लू’ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। छतरपुर जिले का खजुराहो शहर सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
नौगांव, राजगढ़, रतलाम, खंडवा और शाजापुर सहित कई शहरों में पारा 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में भी पारा 44 डिग्री पर पहुंच गया, जिससे सड़कें तक पिघलती नजर आईं।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी हवाओं और लगातार चल रही लू के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ा है। सड़कों और बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहता है, लोग केवल जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकल रहे हैं। गर्म हवाओं और उमस की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर जैसे महानगरों में पिछले साल की तुलना में इस बार कहीं अधिक गर्मी महसूस की जा रही है।
विशेष रूप से भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में पारा 45 डिग्री या उससे अधिक पहुंच सकता है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, रतलाम, धार, खरगोन, खंडवा, सागर और दमोह समेत 28 जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी है। पूर्वी जिलों जबलपुर, रीवा, सतना और शहडोल में लू का अलर्ट नहीं है, लेकिन वहां उमस भरी तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए लोगों को विशेष सतर्क रहने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।






.jpg)







