शहडोल, 20 मई ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत बुधवार को तीन दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश के शहडोल पहुंचे। वे पांडव नगर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में चल रहे संघ शिक्षा कार्यकर्ता विकास वर्ग में स्वयंसेवकों के साथ संवाद करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।
संघ के प्रचार विभाग के अनुसार डॉ. भागवत ने सुबह ट्रेन के माध्यम से कटनी रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर सड़क मार्ग से शहडोल का रुख किया। वे सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में आयोजित द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षण वर्ग में 22 मई तक हिस्सा लेंगे और प्रतिदिन दो सत्रों को संबोधित करेंगे। यह प्रशिक्षण शिविर 7 जून तक चलेगा, जिसमें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से लगभग 383 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। इस दौरान बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
डॉ. भागवत का यह शहडोल जिले का पहला दौरा बताया जा रहा है। उनकी सुरक्षा के लिए जेड प्लस श्रेणी के तहत लगभग 350 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विशेष सुरक्षा बल और विभिन्न जिलों से बुलाए गए पुलिसकर्मी शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 20 से 22 मई तक सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लागू किया है। यह प्रतिबंध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत लगाया गया है और इसके उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने भी पूरे पांडव नगर क्षेत्र को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा है और किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है। पूरे क्षेत्र में ड्रोन संचालन पर रोक के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।




.jpg)

.jpg)






