मुंबई, 20 मई ।
फिल्म ‘कॉकटेल 2’ से जुड़े नए रोमांटिक गाने ‘माशूका’ को लेकर रिलीज होते ही विवाद शुरू हो गया है। शाहिद कपूर और कृति सैनन पर आधारित इस गाने को प्रीतम के संगीत से सजाया गया है, लेकिन दर्शकों से इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस गाने की धुन की तुलना वर्ष 1993 के एक इटैलियन गीत ‘से सो अर्रुबाते ए नोना’ से करते हुए इसे कॉपी बताया है। इसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया है और गाने को लेकर बहस तेज हो गई है।
गाने में महमूद, राघव चैतन्य और रुआ काय ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। रिलीज के तुरंत बाद ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसकी धुन की समानता को लेकर यूजर्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए।
कई यूजर्स ने इसे बॉलीवुड में संगीत की नकल की पुरानी प्रवृत्ति से जोड़ते हुए आलोचना की है। एक यूजर ने लिखा कि बॉलीवुड फिर से कॉपी कर रहा है, जबकि दूसरे ने टिप्पणी की कि प्रीतम कॉपी करना बंद नहीं करेंगे। इसी तरह कई अन्य दर्शकों ने भी नाराजगी जताई है।
मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।






.jpg)





