भोपाल, 23 मई ।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी जिले के ग्राम कसिहवा में शॉर्ट सर्किट से हुए दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घटना को अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक बताया है।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने घोषणा की कि मृतक बच्चों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, साथ ही जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से 20-20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि भी प्रदान की गई है।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह लगभग 11:20 बजे ग्राम कसिहवा, ग्राम पंचायत बघवारी, तहसील गोपद बनास में हुई, जहां बिजली के पोल से हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।
इस हादसे में रामरतन साकेत की दो बेटियों सहित तीन बच्चों की दर्दनाक मृत्यु हो गई, जिनमें कुमारी घुम्मु उर्फ संध्या साकेत, कुमारी रिद्धि और पुत्र नागेन्द्र शामिल हैं।
प्रशासन द्वारा अंत्येष्टि सहायता राशि सहित अन्य राहत सहायता भी परिजनों को उपलब्ध कराई गई है, जबकि विद्युत कंपनी द्वारा भी अलग से सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।






.jpg)







