मध्य प्रदेश
23 May, 2026

सीए दीक्षांत समारोह में परमार का संदेश, “शुभ-लाभ” और “वसुधैव कुटुंबकम्” पर दिया जोर

भोपाल में आयोजित सीए दीक्षांत समारोह में मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने “शुभ-लाभ” और “वसुधैव कुटुंबकम्” के माध्यम से नैतिक अर्थव्यवस्था और सामाजिक उत्तरदायित्व पर जोर देते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

भोपाल, 23 मई ।

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट केवल वित्तीय विशेषज्ञ नहीं होते, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति, पारदर्शिता और सुशासन के मजबूत आधारस्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में अर्थव्यवस्था का चिंतन केवल लाभ और उपभोग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें नैतिकता, लोककल्याण और मानवीय मूल्यों की व्यापक दार्शनिक दृष्टि समाहित है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि “शुभ-लाभ” भारतीय अर्थचिंतन का मूल भाव है, जिसमें आय ईमानदारी, सदाचार और कर्तव्यनिष्ठा से अर्जित हो तथा उसका उपयोग समाजहित और जनकल्याण में किया जाए। वे शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान द्वारा आयोजित दीक्षांत समारोह में नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री परमार ने आगे कहा कि भारत का मूल दृष्टिकोण “वसुधैव कुटुंबकम्” पर आधारित है, जिसमें संपूर्ण विश्व को बाजार नहीं, बल्कि आत्मीयता और मानवता से जुड़े एक परिवार के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि इसी सांस्कृतिक चेतना के बल पर भारत वैश्विक मंच पर पुनः अग्रणी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नव-योग्य सीए से आग्रह किया कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें, बल्कि समाज, राष्ट्र और मानवता के कल्याण में भी योगदान दें।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन को समाजोपयोगी बनाते हुए राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। मंत्री ने कहा कि आज देश को ऐसे युवा पेशेवरों की आवश्यकता है जो नैतिकता, पारदर्शिता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने सभी नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य ने भी नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को संबोधित करते हुए उनके भविष्य, बदलते समय में सीखते रहने की आवश्यकता और प्रोफेशन में नए अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को उत्कृष्टता प्राप्त करने और संस्थान की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

दीक्षांत समारोह में भोपाल शाखा के लगभग 80 नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने अपने अभिभावकों के साथ भाग लेकर उपाधि एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त किए। आयोजन में भोपाल शाखा के अध्यक्ष, सचिव, पूर्व पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस दीक्षांत समारोह में देशभर के 10 हजार 390 नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने एक साथ भाग लिया, जबकि विभिन्न शाखाओं ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। भोपाल शाखा को पहली बार इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़