शिमला, 23 मई।
शिमला जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद की है, जिसके बाद दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहला मामला थाना कुपवी क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार शाम पुलिस टीम ने गश्त के दौरान संदेह के आधार पर ऑल्टो कार को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी में वाहन के भीतर रखे गत्ते के डिब्बे से रॉयल स्टैग और शाही संतरा ब्रांड की 12-12 बोतलें शराब बरामद हुईं, जिसके बाद चालक को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान 31 वर्षीय राकेश सकटा, निवासी ग्राम एवं डाकघर जुब्बली, तहसील कुपवी, जिला शिमला के रूप में की है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला थाना चौपाल क्षेत्र का है, जहां सराहां स्थित पीएनबी बैंक के पास एक दुकान में पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान दुकान में मौजूद महिला की उपस्थिति में प्लास्टिक के कट्टों के नीचे छिपाकर रखी गई चार पेटियां बरामद की गईं।
इनमें दो पेटियों में नाटी नं.1 संतरा ब्रांड की 24 बोतलें देशी शराब और अन्य दो पेटियों में थंडर बोल्ट प्लेटिनम ब्रांड की 24 बोतलें बीयर पाई गईं, जो सभी सीलबंद थीं और उन पर हिमाचल प्रदेश में बिक्री का उल्लेख था, जिसके बाद पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया।






.jpg)






