उज्जैन, 23 मई ।
सिंहस्थ महापर्व 2028 के तहत चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए शनिवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क निर्माण कार्यों तथा भीड़ प्रबंधन के लिए बनाए जा रहे अंडरपासों की स्थिति का अवलोकन किया और कार्य की गति एवं गुणवत्ता की जानकारी ली।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी कनेक्टिंग मार्गों और अंडरपासों की समग्र योजना तैयार की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी निर्माण एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परियोजनाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और समय पर कार्य पूर्ण किया जा सके।
तपोभूमि से हामूखेड़ी तक लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साइट पर इंजीनियरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कार्य की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति की जानकारी संबंधित ग्रुप में साझा करने को कहा।
इसके बाद इंदौर रोड स्थित यूनिटी मॉल के समीप एमआर-24 सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
हरीफाटक ओवरब्रिज के समीप निर्माणाधीन अंडरपास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात सुगमता के लिए वैकल्पिक मार्गों के समुचित प्रबंधन पर जोर दिया, जिससे वाकणकर ब्रिज, इंदौर रोड और यंत्रमहल मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा मिल सके।
संभागायुक्त ने हरीफाटक पार्किंग क्षेत्र में स्थान उपलब्धता को देखते हुए मैकेनिकल पार्किंग व्यवस्था के लिए भी विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए।




.jpg)

.jpg)







