रक्षा व सुरक्षा
22 May, 2026

स्मार्ट बॉर्डर परियोजना से भारत की सीमाएं होंगी अभेद्य: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्मार्ट बॉर्डर परियोजना की घोषणा करते हुए भारत-बांग्लादेश और भारत-पाकिस्तान सीमाओं को आधुनिक तकनीक से सशक्त कर अभेद्य बनाने की बात कही।

नई दिल्ली, 22 मई ।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार भारत-बांग्लादेश और भारत-पाकिस्तान सीमाओं को अत्याधुनिक तकनीक से युक्त ‘स्मार्ट बॉर्डर’ के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है और आने वाले एक वर्ष में एक मजबूत एवं अभेद्य सीमा सुरक्षा ग्रिड तैयार कर लिया जाएगा।

विज्ञान भवन में आयोजित सीमा सुरक्षा बल के अलंकरण समारोह एवं रुस्तमजी स्मृति व्याख्यान को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय जल्द ही ड्रोन, रडार, आधुनिक कैमरों और अन्य उन्नत तकनीकों से सुसज्जित स्मार्ट बॉर्डर परियोजना को देश के सामने प्रस्तुत करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी दो महीनों में बीएसएफ और अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों के कल्याण से जुड़ा एक बड़ा कार्यक्रम भी लाया जाएगा, जिससे जवानों और उनके परिवारों को अधिक सुरक्षा और सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट बॉर्डर अवधारणा के तहत सीमा सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीकों का समावेश किया जा रहा है, जिससे सीमा प्रबंधन और अधिक प्रभावी और मजबूत होगा। इसके साथ ही सरकार ने बीएसएफ की स्थापना के साठवें वर्ष तक छह हजार किलोमीटर लंबी सीमा पर एक समान डिजाइन वाला स्मार्ट बॉर्डर स्थापित करने की दिशा में तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार न केवल घुसपैठ रोकने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि अवैध रूप से देश में प्रवेश करने वालों को चिन्हित कर बाहर निकालने की दिशा में भी सख्त कार्रवाई करेगी, ताकि जनसांख्यिकीय संतुलन से छेड़छाड़ के प्रयासों को रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल पारंपरिक तरीकों से सीमा सुरक्षा संभव नहीं है, इसलिए राज्य पुलिस, अर्धसैनिक बलों, खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा इकाइयों के बीच समन्वय को और मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने सीमा सुरक्षा को सामूहिक और क्षेत्रीय जिम्मेदारी के रूप में देखने पर जोर दिया।

अमित शाह ने कहा कि अवैध घुसपैठ, नकली मुद्रा, साइबर चुनौतियां, ड्रोन आधारित तस्करी और हाइब्रिड युद्ध जैसी नई चुनौतियों का सामना करने के लिए नई रणनीति अपनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 1965 में केवल पच्चीस बटालियनों से शुरू हुआ बीएसएफ आज लगभग ढाई लाख से अधिक कर्मियों के साथ विश्व का सबसे बड़ा सीमा सुरक्षा बल बन चुका है।

उन्होंने बीएसएफ के अब तक दो हजार से अधिक शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि बीएसएफ ने हर चुनौती का मजबूती से सामना करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की है। उन्होंने यह भी कहा कि बीएसएफ की महिला टीम ने हाल ही में माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर देश को गौरवान्वित किया है।

गृह मंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से देश में लाल आतंक का प्रभाव समाप्त हो चुका है और सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल को अब गांव स्तर तक समन्वय स्थापित करते हुए अपनी भूमिका और प्रभाव को और व्यापक बनाना होगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़