कोलंबो, 19 मई ।
वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर श्रीलंका पहुंचे हैं। यह यात्रा भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंधों और सैन्य सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।
श्रीलंका वायु सेना के अनुसार, भारतीय वायु सेना प्रमुख 21 मई तक श्रीलंका में रहेंगे। दौरे के दौरान उन्होंने सोमवार को आईपीकेएफ स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद कोलंबो स्थित श्रीलंका वायु सेना मुख्यालय में उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया गया।
यात्रा के दौरान एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने श्रीलंका के वायु सेना प्रमुख के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। साथ ही उन्होंने श्रीलंका के उप रक्षा मंत्री और रक्षा सचिव से भी मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
हिंद महासागर क्षेत्र में भारत और श्रीलंका के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग के बीच इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान वायु सेना प्रमुख के ‘टेंपल ऑफ द सेक्रेड टूथ रेलिक’ यानी पवित्र दंत अवशेष मंदिर जाने के साथ श्रीलंकाई सेना और नौसेना प्रमुखों से मुलाकात करने का कार्यक्रम भी निर्धारित है।
विवरण: वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह तीन दिवसीय दौरे पर श्रीलंका पहुंचे हैं, जहां रक्षा सहयोग और सैन्य संबंधों को मजबूत करने पर जोर रहेगा।












