मीरजापुर, 18 मई।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय स्टेट ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में मीरजापुर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक अपने नाम किए हैं। खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
यह प्रतियोगिता 16 और 17 मई को ऐशबाग स्थित महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई थी, जिसमें विष्णु ताइक्वांडो एकेडमी के छह खिलाड़ियों ने भाग लिया।
पूमसे स्पर्धा के सीनियर वर्ग में लय कुमार दुबे तथा जूनियर वर्ग में निलय कुमार दुबे ने स्वर्ण पदक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।
क्योरोगी मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें अंडर-48 किलोग्राम वर्ग में लय कुमार दुबे, अंडर-45 किलोग्राम वर्ग में निलय कुमार दुबे तथा अंडर-54 किलोग्राम वर्ग में हर्ष विश्वकर्मा ने स्वर्ण पदक जीता।
इसके अलावा कृष्ण सोनकर, मनमोहन बिंद और कार्तिक गुप्ता ने रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता से लौटने पर खिलाड़ियों का विष्णु ताइक्वांडो एकेडमी द्वारा सम्मान किया गया। इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ताइक्वांडो प्रशिक्षकों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी मेहनत का परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि एकेडमी से कई खिलाड़ी ब्लैक बेल्ट स्तर तक पहुंच चुके हैं और लगातार उच्च स्तर का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।






.jpg)







