कोंडागांव, 09 जून।
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सुरक्षा बलों के बीच एक दुखद घटना सामने आई है, जहां छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के 5वीं बटालियन के एक जवान ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। यह दर्दनाक हादसा उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीएएफ कैंप में सोमवार को हुआ।
मृतक आरक्षक जोगेंद्र नेताम कैंप में संतरी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस इंसास राइफल से खुद पर गोली चला ली। गोली की आवाज सुनकर जब कैंप में मौजूद अन्य साथी जवान मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने घायल जवान को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत हरकत में आए। कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा खुद मर्च्युरी पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की कार्रवाई शुरू की है।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि जवान ने संभवतः व्यक्तिगत कारणों से उपजे मानसिक तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।















