मध्य प्रदेश
09 Jun, 2026

स्कूल बसों की जांच में 13 वाहनों में मिली सुरक्षा खामियां

सागर में परिवहन विभाग के विशेष अभियान के दौरान 46 स्कूल बसों की जांच में 13 वाहनों में सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर स्कूल प्रबंधन को सुधार के निर्देश दिए गए।

सागर, 09 जून।

स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने जिले में स्कूल बस जांच अभियान शुरू किया है। कलेक्टर के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न निजी विद्यालयों में पहुंचकर बसों की फिटनेस तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अभियान के पहले चरण में पारस विद्या विहार, दिल्ली पब्लिक स्कूल और दून पब्लिक स्कूल की लगभग 46 बसों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान 13 बसों में सुरक्षा खामियां पाई गईं। विभाग ने संबंधित स्कूल प्रबंधन को निर्धारित समय में कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों के अनुसार जांच सुरक्षा मानकों के अनुरूप की गई। इस दौरान बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और आपातकालीन निकास जैसी सुविधाओं का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही चालक की योग्यता, अनुभव और परिचालक की उपलब्धता का भी सत्यापन किया गया।

निरीक्षण के दौरान यह भी परखा गया कि बसों का रंग निर्धारित नियमों के अनुसार है या नहीं। साथ ही वाहनों पर स्पष्ट रूप से स्कूल बस अंकित होना, खिड़कियों और दरवाजों की सुरक्षा व्यवस्था तथा सीटों के नीचे विद्यार्थियों के बैग रखने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है या नहीं, इसकी भी जांच की गई।

परिवहन विभाग ने बताया कि निरीक्षण अभियान 15 जून तक जारी रहेगा। इसके बाद स्कूल खुलने पर सड़कों पर संचालित बसों का भी औचक निरीक्षण किया जाएगा, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

विभाग ने स्कूल संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर नहीं होने पर संबंधित वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त किए जा सकते हैं और नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़