मध्य प्रदेश
09 Jun, 2026

मध्य प्रदेश में स्वनिधि योजना के विस्तार के लिए 30 जून तक विशेष अभियान, 10 लाख से अधिक को मिला लाभ

मध्य प्रदेश में पीएम स्वनिधि योजना को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें 10 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को लाभ मिला है और नए लाभार्थियों को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

भोपाल, 09 जून।

मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की पहुंच को अंतिम छोर तक मजबूत करने के लिए 01 जून 2026 से विशेष अभियान शुरू किया गया है, जो 30 जून तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के पथ विक्रेताओं को आर्थिक और डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है।

जनसंपर्क अधिकारी अवंतिका जायसवाल ने बताया कि राज्य में इस योजना के तहत अब तक 10 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया जा चुका है, जिससे उनके स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिली है। राज्य सरकार, नगरीय निकायों और बैंकिंग संस्थानों के संयुक्त प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है।

अभियान के तहत जिला मुख्यालयों पर “स्वनिधि महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को प्रदर्शित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उत्कृष्ट कार्य करने वाले वेंडर्स को प्रोत्साहित करना है।

इसके साथ ही नगरीय निकाय स्तर पर “लोक कल्याण मेले” आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी 15 हजार रुपये तक का ऋण, कम ब्याज दर पर वित्तीय सहायता, क्रेडिट कार्ड सुविधा और डिजिटल लेनदेन से जुड़ा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

बैंकों और वेंडर्स के बीच विशेष बैठकों के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही नगर निकाय सहायता केंद्रों के जरिए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

अभियान के तहत सेन्सस टाउन क्षेत्रों में “स्वनिधि कैंप” भी लगाए जाएंगे, जहां दूरस्थ क्षेत्रों के पथ विक्रेताओं की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ा जाएगा, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़