संपादकीय
09 Jun, 2026

चूहों की मौजूदगी से फाइव स्टार होटल की साख पर संकट, खाद्य लाइसेंस निलंबित

भोपाल के कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल में चूहों की मौजूदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर सख्त कार्रवाई की।

भोपाल, 09 जून।

राजधानी के प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट भोपाल पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। होटल में चूहों की मौजूदगी की शिकायत मिलने के बाद राज्य और केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई।

डीबी सिटी स्थित डीलीजेंट होटल कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में हुई जांच के दौरान अधिकारियों को होटल के स्टोर और किचन क्षेत्रों में चूहों की मौजूदगी मिली। इतना ही नहीं, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड की जांच में भी परिसर में चूहों की समस्या की पुष्टि हुई। निरीक्षण दल ने होटल की विभिन्न रसोइयों में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को बेहद खराब पाया।

जांच के दौरान कई अन्य गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं। अधिकारियों ने पाया कि होटल में उपयोग किए जा रहे शुगर सैशे एक तृतीय पक्ष निर्माण इकाई से लिए जा रहे थे, जिन्हें खाद्य व्यवसाय संचालक द्वारा विधिवत अनुमोदित नहीं किया गया था। इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को बिना किसी पृथक्करण के एक साथ संग्रहित किया जा रहा था, जिससे खाद्य दूषण का खतरा बढ़ सकता था।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि होटल की भंडारण सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थीं। खाद्य पदार्थों को दूषण से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक संरचनात्मक व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया। खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लाइसेंसिंग और खाद्य व्यवसायों का पंजीकरण) विनियम-2011 की अनुसूची-4 के प्रावधानों का पालन भी अपर्याप्त मिला।

निरीक्षण रिपोर्ट और उपलब्ध अभिलेखों की संवीक्षा के बाद केंद्रीय अभिहित अधिकारी ने होटल की खाद्य व्यवसाय गतिविधियों तथा केंद्रीय लाइसेंस क्रमांक 11421999000174 को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। राजधानी के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश मानी जा रही है कि नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़