बागपत, 09 जून।
बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र के बस अड्डा इलाके में मंगलवार शाम दोहरी हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने टेंट कारोबारी सोहनलाल और उनके बेटे विकास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार कारोबारी सोहनलाल और कुख्यात वरुण लुहारी के बीच वर्ष 2016 से विवाद चला आ रहा था। बताया गया कि इसी रंजिश से जुड़े एक पुराने मामले में वरुण के भाई की मौत हुई थी। मंगलवार शाम सोहनलाल अपने बेटे के साथ दुकान पर मौजूद थे, तभी बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और गोलीबारी शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में सोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विकास ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जवाबी फायरिंग में आरोपी वरुण लुहारी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी हथियार छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना से नाराज व्यापारियों का विरोध भी देखने को मिला। आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है।















