पिपरा, 09 जून।
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित ठाढ़ी भवानीपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने घर का दरवाजा तोड़कर एक अधेड़ महिला की निर्मम हत्या कर दी। मृतका की पहचान 65 वर्षीय चनिया देवी के रूप में हुई है, जो अकेली रहती थीं।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महिला की साड़ी से गला घोंटकर उनकी जान ली। हत्या के बाद अपराधी उनके शरीर पर पहने हुए जेवरात भी लूट ले गए। ग्रामीणों के अनुसार, मृतका बकरी पालन कर अपना भरण-पोषण करती थीं और हाल ही में उन्होंने एक बकरा बेचा था।

आशंका जताई जा रही है कि नशे के आदी कुछ अपराधियों ने पैसों और जेवरात के लालच में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशेड़ियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम लोगों का जीवन असुरक्षित हो गया है।
सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम मामले की बारीकी से जांच में जुट गई है ताकि हत्यारों का जल्द पता लगाया जा सके।















