राजगढ़, 09 जून।
जिले में स्मैक तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गुलखेड़ी में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में चार परिवारों से जुड़े अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई उन निर्माणों पर की गई, जो जांच के दौरान नियमों के विपरीत पाए गए। प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान राजस्व विभाग और पुलिस की टीम पूरे समय मौके पर मौजूद रही।
एसडीओपी मिनी शुक्ला ने बताया कि अभियान पुलिस और राजस्व विभाग के समन्वय से संचालित किया गया। राजस्व विभाग की ओर से तहसीलदार नीलम परसेदिया के नेतृत्व में अधिकारियों ने कार्रवाई की निगरानी की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न थानों से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रशासन की कार्रवाई जिन लोगों के निर्माणों पर की गई, उनमें नीतेश सांसी, चंदा सांसी, रेखा सांसी, शोभा सांसी और सुधीर सांसी के नाम शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि संबंधित लोगों के नाम अवैध मादक पदार्थ कारोबार से जुड़े मामलों में सामने आए थे और उनके निर्माण भी निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए।
कार्रवाई के दौरान कई थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। प्रशासन के मुताबिक पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा कारोबार और अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि कानून के दायरे से बाहर संचालित गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।















