रायपुर, 09 जून।
छत्तीसगढ़ पुलिस के दो जांबाज अधिकारियों को राष्ट्रपति द्वारा शौर्य चक्र से नवाजे जाने पर पूरे प्रदेश में गर्व का माहौल है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट और इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बधाई दी है।
वित्त मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह अलंकरण दोनों पुलिस अधिकारियों के साहस और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण का परिणाम है। कठिन परिस्थितियों में भी अपनी कर्तव्यनिष्ठा न छोड़ने वाले ये अधिकारी पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस के इन वीर जवानों का साहसिक कार्य प्रदेश के युवाओं के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। इनसे मिलने वाली सीख युवाओं को राष्ट्र सेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगी।
ओपी चौधरी ने दोनों बहादुर अधिकारियों के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार और पूरा प्रदेश इन अधिकारियों के वीरतापूर्ण योगदान का सदैव सम्मान करता है।














