चंडीगढ़, 09 जून।
अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आतंकवादी मॉड्यूल से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र में एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान तरनतारन के गांव चूंघ निवासी दविंदर सिंह और सुरसिंह निवासी राजविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो विदेशी हैंडलरों के संपर्क में रहकर उनकी ओर से निर्देशों की प्रतीक्षा कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनकी सेडान कार भी जब्त की है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी सीमा पार से भेजी गई विस्फोटक सामग्री की खेप प्राप्त कर राज्य में आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद डीएसपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में खासा क्षेत्र में गुप्त अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार किया गया। वाहन की तलाशी के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद हुए।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर काम कर रहे थे और उन्हें यह नेटवर्क अमृतसर जेल में बंद हरवंत सिंह उर्फ हैरी के माध्यम से जोड़ा गया था, जिसने इनके संपर्क स्थापित कराए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी इस नेटवर्क को हथियार और विस्फोटक सामग्री पहुंचाने में शामिल रहे हैं।
पुलिस ने इस पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है, ताकि सीमा पार संचालित इस आतंकी साजिश का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।















