इंदौर, 09 जून।
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर आज से वैश्विक कृषि जगत का केंद्र बन गई है। यहाँ ब्रिक्स देशों के कृषि कार्य समूह का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हो रहा है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए 20 देशों के प्रतिनिधि यहाँ पहुंचे हैं।
ग्रैंड शेरेटन होटल में आयोजित होने वाला यह पांच दिवसीय सम्मेलन 13 जून तक चलेगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, पहले तीन दिन कार्य समूह की बैठकें होंगी और फिर 12-13 जून को मुख्य कृषि मंत्रियों का सत्र आयोजित किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, पशुपालन, मत्स्य पालन और किसानों के अधिकारों जैसे अहम विषयों पर गहन मंथन किया जाएगा। यह मंच दुनिया की कृषि नीति और खाद्य आपूर्ति को नई दिशा प्रदान करने में सहायक साबित होगा।

इस सम्मेलन में भारत समेत ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका और ईरान जैसे 20 देशों के विशेषज्ञ, नीति निर्धारक और वैज्ञानिक शामिल हो रहे हैं। वैश्विक स्तर पर कृषि भूमि और खाद्य उत्पादन में इन देशों की बड़ी भागीदारी इसे बेहद महत्वपूर्ण बनाती है।
सम्मेलन के साथ ही विदेशी मेहमान इंदौर की संस्कृति और मालवा की मेहमाननवाजी से भी रूबरू होंगे। सोमवार को इंदौर पहुंचे प्रतिनिधियों ने प्रसिद्ध '56 दुकान' पर मालवी व्यंजनों का लुत्फ उठाया, जहाँ उनकी आवभगत और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया।













