सीवान, 09 जून।
मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक बरामद की गई है। यह कार्रवाई मुफ्फसिल थाना पुलिस द्वारा की गई, जिसमें 62.15 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी को पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के घर से स्मैक के साथ-साथ एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और एक पेटीएम साउंड बॉक्स भी जब्त किया है। सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि लखरांव गांव निवासी ओम प्रकाश गिरी अपने घर से अवैध रूप से स्मैक कारोबार चला रहा है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस बल की मदद से पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने अपनी पहचान ओम प्रकाश गिरी के रूप में बताई। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी ली गई, जहां से स्मैक और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में मुफ्फसिल थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।













