बलरामपुर, 09 जून।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुंदी गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। जंगल की ओर गए एक वृद्ध दंपती को दंतैल हाथी ने अपना शिकार बना लिया। इस हमले में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
मृतकों की पहचान जूठन राम गोंड़ (65 वर्ष) और उनकी पत्नी सुंदरी बाई (56 वर्ष) के रूप में हुई है। वे सुबह घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित जंगल की ओर गए थे। तभी वहां मौजूद एक हाथी ने उन पर अचानक हमला कर उन्हें कुचल दिया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दंपती के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले, जिससे पता चलता है कि उन्होंने अपनी जान बचाने की कोशिश की थी। यह हाथी पांच हाथियों के उस दल का हिस्सा था जो हाल ही में क्षेत्र में दाखिल हुए थे, लेकिन यह हाथी अपने झुंड से अलग हो गया था।
विभाग ने घटना से पहले ही गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को जंगल न जाने की सलाह दी थी। परिवार के सदस्यों ने भी दंपती को बाहर जाने से रोका था, लेकिन वे रोजमर्रा के काम से घर से निकल गए थे।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल राहत राशि के तौर पर 25-25 हजार रुपये दिए हैं, साथ ही नियम के अनुसार अन्य सहायता राशि देने का भी आश्वासन दिया गया है।
फिलहाल वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रहा है। क्षेत्र के सभी ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों के पास न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।















