काठमांडू, 09 जून।
नेपाल फुटबॉल संघ (ANFA) के शीर्ष पदाधिकारियों की मेक्सिको यात्रा पर उस समय रोक लग गई, जब उन्हें काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वापस लौटा दिया गया। संघ के अध्यक्ष पंकज विक्रम नेम्वाङ और महासचिव किरण राई फीफा विश्व कप देखने के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर उनकी यात्रा रद्द हो गई।
अध्यागमन (इमिग्रेशन) कार्यालय ने यह सख्त कदम शिक्षा एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय खेल परिषद से मिले निर्देशों के बाद उठाया। दोनों फुटबॉल अधिकारी टर्किश एयरलाइंस की उड़ान के जरिए इस्तांबुल होते हुए मेक्सिको जाने की तैयारी में थे।
इस यात्रा में बाधा का मुख्य कारण उनके खिलाफ चल रही वित्तीय अनियमितताओं की जांच है। एंटी करप्शन ब्यूरो इन दोनों पदाधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार के मामलों की पड़ताल कर रहा है।
जांच के चलते ही इन दोनों का नाम अध्यागमन विभाग की वॉच लिस्ट में दर्ज है। इसी के चलते हवाई अड्डे पर मौजूद सुरक्षा और इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें विदेश जाने से रोक दिया और उन्हें विमानस्थल से वापस लौटना पड़ा।















