नई दिल्ली, 09 जून।
फीफा विश्व कप के दौरान सोमालिया के लिए इतिहास रचने का सपना देख रहे रेफरी उमर आर्टन को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उन्हें अमेरिका में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसके चलते अब आर्टन विश्व कप में रेफरी की भूमिका नहीं निभा पाएंगे।
वर्ष 2025 में अफ्रीका के सर्वश्रेष्ठ रेफरी का खिताब जीतने वाले उमर आर्टन को मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एजेंसी द्वारा रोका गया। एजेंसी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि नियमित जांच के दौरान “सत्यापन संबंधी चिंताओं” के कारण उन्हें प्रवेश के लिए अयोग्य पाया गया। हालाँकि, एजेंसी ने इन चिंताओं के बारे में अधिक विवरण साझा नहीं किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आर्टन के पास वैध वीज़ा और राजनयिक पासपोर्ट दोनों थे, फिर भी उन्हें अमेरिका में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली। सोमालिया जून 2025 से अमेरिका के यात्रा प्रतिबंधों की सूची में शामिल है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोमालिया के युवा एवं खेल मंत्रालय के वरिष्ठ सलाहकार सीसे अदन अबशीर ने कहा, "उमर आर्टन अफ्रीका के सबसे सम्मानित रेफरी हैं। उन्हें प्रवेश से रोकना न केवल उनके साथ अन्याय है, बल्कि यह खेल भावना और निष्पक्षता के सिद्धांतों को भी कमजोर करता है।"
उमर आर्टन 2023 अफ्रीका कप ऑफ नेशंस में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विश्व कप से पहले सामने आया यह विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। इससे पहले ईरान फुटबॉल महासंघ ने भी दावा किया था कि उनके 14 अधिकारियों को वीज़ा देने से इनकार कर दिया गया था, जिसे उन्होंने भू-राजनीतिक तनावों से प्रेरित “प्रतिशोधात्मक व्यवहार” करार दिया था।













